दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने उन्हें हराकर यह सीट अपने नाम कर ली। वहीं, कांग्रेस के संदीप दीक्षित तीसरे स्थान पर रहे।
चुनाव नतीजों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल को 10वें राउंड तक 20,190 वोट मिले, जबकि प्रवेश वर्मा ने 22,034 वोट हासिल कर 1,844 वोटों से जीत दर्ज की। संदीप दीक्षित को महज 3,503 वोट मिले। शुरुआती रुझानों से ही केजरीवाल प्रवेश वर्मा से पीछे चल रहे थे।
दिल्ली में वोटों की गिनती जारी है। इस वक्त बीजेपी 48 सीटों पर आगे चल रही है और कई सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं, आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
चौंकाने वाली बात यह है कि कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार तीसरी बार बेहद खराब रहा है। अब तक कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई है। दिल्ली की राजनीति में यह चुनाव कई मायनों में अहम माना जा रहा है।